अग्निपथ’ पर बिहार में शहर-शहर बवाल, 2 ट्रेनों की बोगियों में लगाई आग; जगह-जगह जाम-पत्थरबाजी-तोड़फोड़

सेना में भर्ती के लिए मोदी सरकार की नई योजना ‘अग्निपथ’ के खिलाफ बिहार में शुक्रवार की सुबह से शहर-शहर बवाल शुरू हो गया है। कल दिन भर हुए उपद्रव के बाद आज प्रदर्शनकारियों ने सुबह छह बजे से ही मोर्चा संभालना शुरू कर दिया। उन्होंने सड़क से लेकर रेलवे ट्रैक तक को निशाना बनाया है। कई रेलवे स्टेशनों पर पथराव, 2 ट्रेनों की बोगियों में आग लगाने के साथ ही जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान कई यात्रियों के साथ बदसलूकी की गई। उपद्रवियों ने कुछ लोगों के मोबाइल छीनकर तोड़ दिए। बिहिया स्टेशन पर एक पत्रकार की पिटाई भी की गई।

आरा- बक्सर रेलखंड पर भोजपुर के बिहिया स्टेशन पर शुक्रवार की सुबह-सुबह बवाल शुरू हो गया। प्रदर्शनकारियों ने रेलवे, सिविल पुलिस और आरपीएफ पर जमकर पथराव किया। इसमें बिहिया के प्रभारी थानाध्यक्ष राम स्वरूप राम के पैर में चोटें आईं। कुछ उपद्रवियों ने स्टोर रूम में आग लगा दी। स्टोर रूम धू-धू कर जल उठा। उपद्रवियों ने पैनल के फोन का तार तोड़ दिया। ट्रैक के दर्जनों कलैंप खोले दिये। ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया। विभूति एक्सप्रेस आरा में रोकी गई। शटल ओसाई में रुकी। अन्य ट्रेनें भी जहां- तहां रोक दी गईं।
उपद्रवियों ने बिहिया टिकट काउंटर में भी आग लगा दी। इस दौरान कुछ पत्रकारों के मोबाइल छीन कर तोड़ डाले गए। एक पत्रकार की पिटाई भी कर दी गई। पुलिस मूकदर्शक बनी रही
उधर, सुबह 7 बजे के करीब बरौनी-हाजीपुर रेल खंड के मोहिउद्दीननगर स्टेशन पर उपद्रवियों ने लोहित एक्सप्रेस की चार बोगियों में आग लगा दी। सूचना पर जैसे ही स्थानीय पुलिस पहुंची उसकी गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ की। बाद में कई थानों की पुलिस पहुंची और स्टेशन को आधा किमी में सील कर लोगों के आने-जाने पर रोक लगा दिया गया। मीडिया के भी प्रवेश को रोक दिया गया। लखीसराय स्टेशन पर
आनंदविहार से भागलपुर आ रही ट्रेन विक्रमशिला एक्सप्रेस की दो बोगियों में भी आग लगाई गई जो आठ बोगियों तक फैल गई। इस दौरान आरपीएफ का केवल एक जवान स्टेशन पर मौजूद था। नगर थाने की पुलिस पहुंची लेकिन प्रदर्शनकारियों के उग्र तेवर को देख मूक दर्शक बनी रही। बवाल काटने के बाद प्रदर्शनकारी स्टेशन से बाहर निकल गए। किउल जमालपुर रेलखण्ड पर परिचालन ठप हो गया है।
बक्सर डुमरांव के पश्चिमी गुमटी पर भी प्रदर्शनकारियों ने रेलवे ट्रैक को जाम कर दिया है। डाउन श्रमजीवी एक्सप्रेस वरुणा से आगे खड़ी हैं। वहीं पटना-वाराणसी पैसेजर बिहियां में खड़ी है। अप और डाउन में सुबह से ट्रेनों का परिचालन बाधित है। हाजीपुर जंक्शन पर भी अग्निपथ के विरोध में हंगामा हो रहा है। डीएम और एसपी मौके पर पहुंचे हैं।
सिकन्दर पासवान ब्यूरो रिपोर्टर (सीतामढी)
#Indian news tv #