शाहाबाद/हरदोई।
शाहाबाद नगर पालिका की जलनिकासी व्यवस्था की हकीकत एक बार फिर सामने ला दी है। नगर के मोहल्ला वाजिदखेल में बारिश का पानी सड़कों और गलियों में जमा हो गया है। जलनिकासी का समुचित इंतजाम नहीं होने से मोहल्लेवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव की स्थिति का सामने आया वीडियो नगर की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहा है।
बारिश के बाद वाजिदखेल की गलियां पानी से लबालब नजर आईं। लोगों के आवागमन में परेशानी हुई तो घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में जलभराव की समस्या कोई नई बात नहीं है। हर बार पानी जमा होता है और लोग परेशानी झेलते हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।
मोहल्लेवासियों में नाराजगी
जलभराव को लेकर मोहल्लेवासियों में नाराजगी दिखाई दे रही है। लोगों का कहना है कि नगर पालिका प्रशासन को बारिश से पहले नालियों की सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था को दुरुस्त कराना चाहिए, ताकि बारिश का पानी रास्तों पर जमा न हो। उनका आरोप है कि समस्या सामने आने के बाद तत्कालिक स्तर पर इंतजाम किए जाते हैं, लेकिन स्थायी समाधान की ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता।
करोड़ों की योजनाओं के बीच मूलभूत सुविधा पर सवाल
शाहाबाद नगर पालिका क्षेत्र में प्रत्येक वर्ष विकास और जनसुविधाओं से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के तहत बड़ी धनराशि खर्च की जाती है। ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि यदि विकास कार्यों पर लगातार धनराशि खर्च हो रही है, तो शहर के मोहल्लों में बारिश के पानी की निकासी जैसी मूलभूत समस्या का स्थायी समाधान क्यों नहीं हो पा रहा है।
वाजिदखेल का जलभराव नगर की नाली, नाला और जलनिकासी व्यवस्था की जमीनी स्थिति पर सवाल खड़े कर रहा है। लोगों की मांग है कि नगर पालिका प्रशासन केवल बारिश के दौरान पानी निकालने की कवायद तक सीमित न रहे, बल्कि जलभराव वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर स्थायी जलनिकासी व्यवस्था तैयार करे।
लोगों ने मांगा स्थायी समाधान
मोहल्लेवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान कराने की मांग की है। साथ ही नालियों की सफाई, पानी के निकास के रास्ते को दुरुस्त करने और भविष्य में जलभराव की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी इंतजाम किए जाने की मांग उठाई है।
फिलहाल, बारिश के बाद वाजिदखेल की सामने आई तस्वीरें और वीडियो नगर पालिका की जलनिकासी व्यवस्था की जमीनी हकीकत बयां कर रहे हैं। अब नजर इस बात पर है कि जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या का तात्कालिक समाधान कराते हैं या फिर मोहल्लेवासियों को हर बारिश में इसी परेशानी से दो-चार होना पड़ेगा।
तरंग गुप्ता जिला संवाददाता
ITN NATIONAL NEWS HARDOI