पिंडदानियों के बीच पहुंचे पटना हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति, विधिक सहायता स्टॉल का किया निरीक्षण
गया। पितृपक्ष के अवसर पर आज पिंडदान के उद्देश्य से गया पहुंचे पटना हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति सह निरीक्षी न्यायाधीश, गया जिला विवेक चौधरी सपरिवार विष्णुपद क्षेत्र स्थित जिला विधिक सेवा प्राधिकार के विधिक सहायता स्टॉल पर पहुंचे। इस दौरान पटना हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति संजय कुमार सिंह भी सपरिवार स्टॉल पर उपस्थित हुए।
दोनों न्यायमूर्तियों ने सपरिवार पिंडदान किया। इसके बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा संचालित विधिक सहायता केंद्र स्टॉल का निरीक्षण किया। यह स्टॉल आमजनों को पेयजल, लस्सी, बिस्किट, सुविधा सहायता एवं विधिक सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। दोनों न्यायमूर्तियों ने पिंडदानियों एवं श्रद्धालुओं से संवाद करते हुए उनके बीच गमछा, अंगवस्त्र, लस्सी, पानी, बिस्किट एवं फल का वितरण किया।
न्यायमूर्तियों ने स्टॉल पर उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली तथा उपस्थित पदाधिकारियों को पिंडदानियों एवं श्रद्धालुओं को आवश्यकता के अनुसार निःशुल्क कानूनी सहायता एवं विधिक जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों को उनके अधिकारों एवं उपलब्ध कानूनी सहायता के संबंध में सरल भाषा में जानकारी दी जाए, ताकि कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित न रहे।
इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गया डॉ. राकेश कुमार सिंह, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गया अरविंद कुमार दास तथा मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रकाश कुमार राय सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा पितृपक्ष मेला क्षेत्र में लगाए गए विधिक सहायता स्टॉल के माध्यम से पिंडदानियों एवं श्रद्धालुओं को विभिन्न कानूनी प्रावधानों, उनके अधिकारों तथा निःशुल्क विधिक सहायता की उपलब्धता के संबंध में जानकारी दी जा रही है। स्टॉल पर लोगों की समस्याओं को सुनकर उन्हें आवश्यक विधिक मार्गदर्शन भी प्रदान किया जा रहा है।
रिपोर्टर – त्रिलोकी नाथ गयाजी, बिहार