*सारण शिक्षक MLC चुनाव के नामांकन में पहुंचे PK, आफाक अहमद के लिए की वोट अपील- बोले, जन सुराज के अफाक अहमद को जिताइए, लोकसभा चुनाव से पहले शिक्षकों को 7वां वेतनमान दिलाने का जिम्मा जन सुराज का होगा*
*सारण।* जन सुराज के सूत्रधार व बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर ने सारण में MLC चुनाव को लेकर आयोजित नामांकन सभा में हिस्सा लिया। एचएस सिटी गार्डन, हेमनगर में आयोजित सभा में सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी आफाक अहमद के साथ शामिल हुए और उनके लिए वोट अपील की।
*PK ने कहा- पिछली बार हमारे पास कोई दल नहीं था, फिर भी आप लोगों ने आफाक अहमद को जिताया, इस बार मेरे पास लोग- दल दोनों हैं, जन सुराज के आफाक अहमद को जिताइए*
प्रशांत किशोर ने कहा कि पिछली बार उन्होंने लोगों से आग्रह किया था और उनके पास कोई दल नहीं था, लेकिन उनके प्रयास में कंधा लगाकर लोगों ने आफाक अहमद को जिताया था। उन्होंने कहा कि इस बार उनके पास लोग हैं, उनके पास दल है। अगर यहां के पढ़े-लिखे शिक्षकों और स्नातक मतदाताओं ने जन सुराज के उम्मीदवार को जिताया, तो लोकसभा चुनाव से पहले शिक्षकों को 7वां वेतनमान दिलाने का जिम्मा जन सुराज और प्रशांत किशोर का होगा।
*PK ने सम्राट चौधरी को घेरा- NDA, BJP या RJD को वोट दिया तो आपके वोट से बिहार में अनपढ़, अपराधी का राज्य और मजबूत होगा*
PK ने कहा कि अगर सब कुछ के बाद भी आपने NDA, BJP या RJD को वोट दिया तो याद रखना, आपके वोट से बिहार में अनपढ़, अपराधी का राज और मजबूत होगा। जो दुष्कर्म हो रहा है, जो अपराध और भ्रष्टाचार हो रहा है, उसमें आप भी भागीदारी होंगे। उन्होंने कहा कि बाढ़ में 50 लाख लोग प्रभावित हैं, लेकिन मोदी जी ने अभी तक संवेदना का एक शब्द नहीं कहा है। उन्होंने कहा कि जाति के नाम पर, हिंदू-मुसलमान के नाम पर, लालू के डर से भाजपा और भाजपा के डर से लालू को वोट देने से बिहार की ये दुर्दशा है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि उनके पास अवसर है, आनंद पुष्कर को हराइए, उनको जिताएंगे तो जीत सम्राट चौधरी की होगी।
मौके पर प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती, वरिष्ठ नेता किशोर कुमार मुन्ना, सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी आफाक अहमद, सारण जिलाध्यक्ष आनंद मोहन सिंह, पश्चिम चंपारण जिलाध्यक्ष कुंदन पांडेय, पूर्वी चंपारण जिलाध्यक्ष रवींद्र बेरूवार, सीवान जिलाध्यक्ष उपेंद्र सिंह और गोपालगंज जिलाध्यक्ष अजय प्रसाद समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट,,अमरजीत सिंह