सरकारी स्कूल में चावल चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; 4 कट्टा चावल बरामद
बालोद, 8 अक्टूबर 2026। गुंडरदेही थाना क्षेत्र के ग्राम सरेखा स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय में चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने स्कूल बंद होने का फायदा उठाकर रात में स्टोर रूम का ताला तोड़कर मध्यान्ह भोजन के लिए रखे चावल के चार कट्टे चोरी किए थे।
घटना 3 अक्टूबर की रात की बताई गई है। 5 अक्टूबर की सुबह स्कूल खुलने पर चोरी का पता चला, जिसके बाद प्रधान पाठक ऐस कुमार सिन्हा ने हल्दी चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले में अपराध क्रमांक 320/2026 के तहत धारा 331(4), 305 बीएनएस में प्रकरण दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर लवकुष कंवर (27) और हितेष कुमार विश्वकर्मा (19), दोनों निवासी सरेखा, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में चोरी की बात सामने आने के बाद आरोपियों की निशानदेही पर स्कूल के पीछे पुराने बंद बाथरूम से ₹5,400 कीमत के चार चावल कट्टे और चोरी में इस्तेमाल लोहे की छिनी बरामद की गई।
दोनों आरोपियों को 8 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई में हल्दी चौकी प्रभारी सउनि लता तिवारी सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।
