बबीना थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीएम सदर देवेंद्र प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि आईपीएस अधिकारी एएसपी/सीओ सदर सिमरन सिंह ने अध्यक्षता की।
बैठक में अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से शारदीय नवरात्रि, दशहरा और रावण दहन सहित सभी त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति और सद्भाव के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान सामाजिक सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। सभी लोग एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।
अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। बैठक में त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और आपसी समन्वय पर विशेष जोर दिया गया।
इस दौरान बबीना थाना प्रभारी राहुल राठौर सहित शांति समिति के सदस्य, गणमान्य नागरिक और क्षेत्र के अन्य लोग उपस्थित रहे।