- चैता उत्तरी वार्ड छह में जलजमाव से मिलेगी मुक्ति, नाली निर्माण शुरूसमस्तीपुर : उजियारपुर के चैता उत्तरी वार्ड छह में 13.92 लाख की लागत से नाली निर्माण शुरू
समस्तीपुर। जिले के उजियारपुर प्रखंड अंतर्गत चैता उत्तरी पंचायत के वार्ड संख्या छह में लंबे समय से चली आ रही जलजमाव की समस्या को दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। स्थानीय लोगों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए मुखिया मुकेश पाण्डेय की पहल पर जी राम जी योजना के अंतर्गत पक्की नाली का निर्माण कार्य शुरू कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस योजना के तहत कुल 13 लाख 92 हजार 64 रुपये की लागत से करीब 750 फुट लंबी ढक्कनयुक्त पक्की नाली का निर्माण कराया जा रहा है। इससे वार्ड में जलनिकासी की व्यवस्था बेहतर होने और लंबे समय से बनी जलजमाव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
जलजमाव के कारण वार्डवासियों को काफी समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। खासकर आवागमन और साफ-सफाई को लेकर स्थानीय लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। नाली निर्माण कार्य शुरू होने से वार्ड में खुशी का माहौल है।
इस पहल पर स्थानीय वार्डवासी भोला दास, रामसेवक सहनी, भरत सहनी, उमेश दास, लक्ष्मी शर्मा और कुशेश्वर दास ने खुशी जाहिर करते हुए मुखिया मुकेश पाण्डेय के प्रति आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद जलनिकासी की समस्या में सुधार होगा और वार्ड को जलजमाव से राहत मिलेगी।
पंचायत में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में इस निर्माण कार्य को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब वार्डवासियों को नाली निर्माण पूरा होने का इंतजार है, ताकि क्षेत्र में स्वच्छता बेहतर हो और लंबे समय से चली आ रही परेशानी का समाधान हो सके।
संवाददाता रिपोर्टर मोहम्मद अंजार की रिपोर्ट
