जनपद मुजफ्फरनगर के थाना रामराज पुलिस की तत्परता से गंगा बैराज पर आत्महत्या का प्रयास कर रहे व्यक्ति की बची जान, सकुशल परिजनों के सुपुर्द किया गया।
जानकारी के अनुसार आज दिनांक 19.10.2026 को समय करीब 11:15 बजे थाना रामराज पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि गंगा बैराज के गेट संख्या 28 पर एक व्यक्ति खड़ा है, जो बार-बार गंगा नदी की ओर देख रहा है तथा नदी में कूदने की आशंका है। सूचना प्राप्त होते ही बैराज चौकी पर तैनात उपनिरीक्षक श्री जागेंद्र सिंह ढिल्लों, मुख्य आरक्षी 1960 राजकुमार, मुख्य आरक्षी 346 गौरव एवं मुख्य आरक्षी 1160 विक्रम कुमार ने तत्काल तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर उक्त व्यक्ति को गंगा नदी में कूदने से पहले ही सकुशल पकड़ लिया।
पूछताछ करने पर व्यक्ति ने अपना नाम शिवम पुत्र भोपाल उपाध्याय निवासी बिजली घर, रामराज, थाना बहसूमा, जनपद मेरठ बताया। व्यक्ति ने गृह क्लेश के कारण आत्महत्या करने के उद्देश्य से गंगा नदी में कूदने की बात बताई। पुलिसकर्मियों द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए उसकी जान बचाई गई तथा आवश्यक समझाइश के बाद उसे सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
मुजफ्फरनगर पुलिस के पुलिसकर्मियों द्वारा दिखाई गई तत्परता एवं मानवीय संवेदनशीलता की गंगा बैराज के आसपास मौजूद लोगों तथा परिजनों द्वारा पूरी-पूरी प्रशंसा की गयी है।
रिपोर्ट शाहवेज अंसारी
