राजीव गोयल बने संयुक्त पत्रकार महासभा के राष्ट्रीय संरक्षक, पत्रकारों की सुरक्षा के लिए दोनों संगठनों ने लिया संकल्प
पत्रकारों की आवाज दबने नहीं देंगे, उनके सम्मान और सुरक्षा के लिए हर संभव संघर्ष करेंगे: पदाधिकारी
मुजफ्फरनगर। सोमवार, 26 अक्टूबर 2026 को चर्च मार्केट स्थित संयुक्त पत्रकार महासभा के कार्यालय में संयुक्त पत्रकार महासभा एवं जर्नलिस्ट एसोसिएशन ऑफ इंडिया की संयुक्त बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से जर्नलिस्ट एसोसिएशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव गोयल को संयुक्त पत्रकार महासभा का राष्ट्रीय संरक्षक नियुक्त किया गया। उनके मनोनयन पर उपस्थित पत्रकारों ने हर्ष व्यक्त करते हुए फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम में संयुक्त पत्रकार महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरताज अहमद एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. शाहनवाज ने राजीव गोयल को सम्मानपूर्वक शील्ड, राष्ट्रीय संरक्षक बनाए जाने का प्रमाण पत्र तथा संगठन का पहचान पत्र प्रदान किया। इस दौरान पत्रकारों ने उनके नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में पत्रकार हितों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर संयुक्त पत्रकार महासभा के पदाधिकारियों ने जर्नलिस्ट एसोसिएशन ऑफ इंडिया के जिला अध्यक्ष नय्यर अब्बास नकवी, जिला महामंत्री अमित कुमार गौतम, जिला संगठन मंत्री अदनान अख्तर तथा वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह गौतम सहित अन्य पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया।
पत्रकारों की सुरक्षा के लिए दोनों संगठन एकजुट
स्वागत समारोह के उपरांत आयोजित बैठक में जनपद मुजफ्फरनगर में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। दोनों संगठनों के पदाधिकारियों ने एकजुट होकर पत्रकारों के हितों की रक्षा करने तथा किसी भी पत्रकार की आवाज को दबने नहीं देने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और उनकी स्वतंत्रता, सुरक्षा तथा सम्मान की रक्षा करना आवश्यक है।
बैठक में थाना कोतवाली नगर में हाल ही में पत्रकारों के विरुद्ध दर्ज किए गए मुकदमे का मुद्दा भी उठाया गया। इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरनगर से मुलाकात के लिए समय लिया गया है। दोनों संगठनों के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मामले को गंभीरता से उठाया जाएगा तथा पत्रकारों को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
पदाधिकारियों ने कहा कि पत्रकारों के अधिकारों और उनकी आवाज की रक्षा के लिए दोनों संगठन मिलकर कार्य करेंगे। पत्रकारों के साथ किसी भी प्रकार के अन्याय के विरुद्ध एकजुट होकर आवाज उठाई जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर संघर्ष करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
ये पत्रकार रहे उपस्थित
कार्यक्रम में राजीव गोयल, सरताज अहमद, नय्यर अब्बास नकवी, जितेंद्र राठी, डॉ. शाहनवाज, अमित कुमार गौतम, अदनान अख्तर, सतेंद्र सैनी, धर्मेंद्र सिंह गौतम, शफीक राजपूत, डॉ.शाहवेज असारी, प्रिंस, मेहराब खान, सरताज राणा, मीनाक्षी गुप्ता, मनोज अग्रवाल, रचित गोयल, असलम खान, वीरेंद्र कुमार, मनोज कुमार एडवोकेट, संजय भारती एडवोकेट सहित अनेकों पत्रकार साथी उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य पत्रकार संगठनों के बीच आपसी समन्वय को मजबूत करना तथा जनपद में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के लिए संयुक्त रूप से प्रभावी पहल करना रहा।

