बारीपदा: श्रद्धा फाउंडेशन, मुंबई की ओर से शनिवार को मयूरभंज जिले के बारीपदा स्थित महर्षि विद्यालय में कैंसर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 100 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान फाउंडेशन की कार्यक्रम संयोजिका श्रीमती अनिता बेहरा ने विद्यार्थियों को कैंसर के कारणों, शुरुआती लक्षणों तथा इससे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से बचपन से ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, संतुलित आहार लेने, नियमित व्यायाम करने तथा पैकेटबंद और अत्यधिक प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों से दूर रहने की सलाह दी। इसके साथ ही उन्होंने तंबाकू, धूम्रपान और शराब के सेवन से होने वाले गंभीर दुष्परिणामों के बारे में भी विद्यार्थियों को जागरूक किया।
उन्होंने कहा कि शरीर में किसी भी प्रकार के असामान्य लक्षण दिखाई देने पर उसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय रहते चिकित्सक से परामर्श लेना और आवश्यक जांच करवाना बेहद जरूरी है। कैंसर का शुरुआती अवस्था में पता चलने पर उपचार की सफलता की संभावना काफी बढ़ जाती है।
इस अवसर पर स्वयं कैंसर को मात दे चुकीं श्रीमती अनिता बेहरा ने अपने संघर्ष और स्वस्थ होने के अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा किए। उनकी प्रेरणादायक जीवन यात्रा ने विद्यार्थियों को न केवल कैंसर के प्रति जागरूक किया, बल्कि समाज में भी इस बीमारी को लेकर जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रशासक श्री अशोक कुमार कर, प्राचार्य श्री काजल कांति महापात्र तथा वरिष्ठ शिक्षिका इप्सिता बेहरा उपस्थित थे। विद्यार्थियों ने प्रश्नोत्तर सत्र में उत्साहपूर्वक भाग लिया और कैंसर से संबंधित विभिन्न जानकारियां प्राप्त कीं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य ने श्रीमती अनिता बेहरा के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि मयूरभंज जिले में कैंसर की रोकथाम और जनजागरूकता बढ़ाने के लिए इस तरह के कार्यक्रमों की बेहद आवश्यकता है।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज।
