बारीपदा, 27 अक्टूबर: सतर्कता जागरूकता सप्ताह–2026 के अवसर पर मयूरभंज जिले में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सत्यनिष्ठा शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। OSWAN (ओस्वान) प्लेटफॉर्म के माध्यम से आयोजित इस वर्चुअल कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया और ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ अपने सरकारी दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ ली।
इस अवसर पर लोक सेवा भवन में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के नेतृत्व में आयोजित सत्यनिष्ठा शपथ ग्रहण कार्यक्रम से जुड़ते हुए मयूरभंज जिलाधिकारी कार्यालय स्थित OSWAN हॉल में भी शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया।
जिलाधिकारी हेमकांत साय के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक वरुण गुंटुपल्ली, अतिरिक्त जिलाधिकारी नेत्रानंद मल्लिक, दुखबंधु नायक एवं ईश्वर चंद्र नायक, उपजिलाधिकारी कस्तूरी पंडा सहित अन्य वरिष्ठ जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे और उन्होंने सत्यनिष्ठा की शपथ ली।
शपथ ग्रहण के दौरान सरकारी कार्यों में ईमानदारी एवं निष्पक्षता बनाए रखने, अपने-अपने दायित्वों का पारदर्शिता के साथ निर्वहन करने, भ्रष्टाचार से दूर रहने तथा आम जनता को निष्पक्ष और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में स्वच्छ, जवाबदेह और जनकेंद्रित प्रशासनिक व्यवस्था के निर्माण के लिए नैतिक मूल्यों, सामूहिक जागरूकता और उत्तरदायित्व के महत्व को रेखांकित किया गया।
अधिकारियों ने भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन की स्थापना और सरकारी व्यवस्था के प्रति आम जनता का विश्वास मजबूत करने की दिशा में ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज की रिपोर्ट।
