मुजफ्फरनगर के खतौली क्षेत्र में एक वर्ष पूर्व बहन को भगाकर ले जाने वाले युवक की हत्या
मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना खतौली क्षेत्र के अन्तर्गत जानसठ रोड पर 26 अक्टूबर की शाम बिहारीपुर के जंगल में घायल अवस्था में लहूलुहान पड़े मिले युवक अक्षय की मेरठ के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में हत्या के पीछे जो कारण सामने आया है, उसमें मृतक अक्षय ने पिछले वर्ष पकड़े गए अभियुक्त की बहन को भगा कर कोर्ट मैरिज कर ली थी। और वर्तमान में वह उसी के साथ रह रहा था। इसी रंजिश में इस घटना को अंजाम दिया गया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए खतौली पुलिस ने बताया कि 26 अक्टूबर सोमवार शाम थाना खतौली क्षेत्रान्तर्गत जानसठ रोड स्थित चूनाभट्टे के पास अक्षय अपने दोस्त के साथ दवाई लेने गया था, बात कर रहा था, उसी दौरान उस पर हमला हुआ और लाठी डंडे व ईंट मारकर उसे गंभीर घायल कर दिया गया।उसके दोस्त को भी चोट आई। अक्षय के घायल होने की सूचना पर तत्काल पहुंची थाना खतौली पुलिस द्वारा घायल अक्षय को उपचार हेतु मेरठ में हायर सेंटर रेफर कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। मंगलवार को मृतक के परिजन व ग्रामीण खतौली थाने पहुंचे। उधर, मुख्यालय से एसपी सिटी अमृत जैन ने भी खतौली थाने पहुंचकर घटना के संबंध में जानकारी ली। परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना खतौली पुलिस द्वारा गम्भीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। पूछताछ एवं प्रारंभिक जांच में प्रकाश में आया कि मृतक अक्षय अभियुक्त की बहन को अपने साथ ले गया था तथा वह अक्षय के साथ ही रह रही थी। इसी रंजिश के चलते अभियुक्तों द्वारा अक्षय के साथ मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि थाना खतौली पुलिस द्वारा उक्त मामले में 02 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में कुछ अन्य अभियुक्तों के बारे में भी जानकारी मिली है, जिन्होंने मृतक अक्षय के मूवमेंट के बारे में जानकारी दी थी। घटना में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस की 3 टीमें प्रयास करते हुए दबिश दे रही है।
