दुद्धी (सोनभद्र)। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत विण्ढमगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने जान से मारने की नीयत से मारपीट करने के मामले में वांछित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर जनपद में अपराध नियंत्रण एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक तथा क्षेत्राधिकारी दुद्धी के निर्देशन में थानाध्यक्ष विण्ढमगंज रवीकान्त मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोमवार, 2 नवंबर 2026 को कार्रवाई करते हुए थाना विण्ढमगंज में पंजीकृत मुकदमा संख्या 131/2026 से संबंधित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कार्तिक चंद्रवंशी पुत्र सीताराम चंद्रवंशी उर्फ सीतुल निवासी बुटबेढ़वा, थाना विण्ढमगंज, संदीप यादव पुत्र सोमेश यादव, युवराज कुमार गुप्ता पुत्र राजू प्रसाद गुप्ता तथा रहिश अंसारी पुत्र सुलेमान, निवासीगण सलैयाडीह, थाना विण्ढमगंज, जनपद सोनभद्र के रूप में हुई है। चारों आरोपियों को ग्राम सलैयाडीह स्थित जितेंद्र हलवाई के मकान से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109, 115(2), 351(3) एवं 352 के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं कार्तिक चंद्रवंशी और रहिश अंसारी के विरुद्ध एक अन्य मुकदमे में भी संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद चारों आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने के उपरांत जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष रवीकान्त मिश्र, उपनिरीक्षक रामधनी सिंह, उपनिरीक्षक सुनील कुमार राय, हेड कांस्टेबल महफूज अली, हेड कांस्टेबल एनेल होदा, कांस्टेबल विंदेश गौड़, कांस्टेबल संजय मौर्य तथा कांस्टेबल अंकित शुक्ला शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक ने जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
