उरई(जालौन):
सहकारी समितियों के सचिवों के कार्य पर लौटने के बाद जनपद में उर्वरक वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी समीर ने बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति आटा, इटौरा एवं छौक का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान तीनों समितियों पर केंद्र प्रभारी उपस्थित मिले।
जिलाधिकारी ने केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया कि किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप उर्वरक उपलब्ध कराया जाए तथा वितरण व्यवस्था में पूरी पारदर्शिता रखी जाए। उन्होंने कहा कि जनपद में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है, इसलिए किसानों को खाद प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी केंद्रों पर उर्वरक की उपलब्धता एवं वितरण पर सतत निगरानी रखी जाए।उन्होंने निर्देश दिए कि उर्वरक वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा शिथिलता पाए जाने पर संबंधित केंद्र प्रभारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को समय से खाद उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता रहे, जिससे रबी फसलों की बुवाई प्रभावित न हो।इस अवसर पर उप जिलाधिकारी कालपी विनय कुमार मौर्य सहित केंद्र प्रभारी मौजूद रहे।
(अनिल कुमार ओझा, ब्यूरो प्रमुख,ITN news)
