लाल बहादुर शास्त्री वार्ड क्रमांक 12 को मिली सामुदायिक सुविधा की सौगात, ललित सकलेचा ने दी 12×24 फीट जगह
पार्षद सुमित शर्मा सहित वार्डवासियों ने जताया आभार, सामुदायिक भवन अथवा मंच निर्माण का किया जाएगा प्रयास
बालोद, 06 नवंबर 2026। नगर पालिका परिषद बालोद के लाल बहादुर शास्त्री वार्ड क्रमांक 12 के श्रीनगर में वार्डवासियों की सुविधा और सामाजिक आयोजनों के लिए वरिष्ठ नागरिक श्री ललित सकलेचा ने 12×24 फीट की जगह प्रदान की है। उनकी इस सराहनीय पहल पर वार्ड पार्षद सुमित शर्मा सहित वार्डवासियों ने आभार व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पार्षद सुमित शर्मा ने कहा कि ललित सकलेचा द्वारा किया गया यह सहयोग वार्ड के लिए महत्वपूर्ण है। इस स्थान पर वार्डवासियों की आवश्यकता और सहमति के अनुरूप सामुदायिक भवन अथवा मंच का निर्माण कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्राथमिकता रहेगी कि जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा कराकर वार्डवासियों को इस सुविधा का लाभ मिल सके।
पार्षद ने कहा कि वार्ड का विकास केवल सड़क, नाली और बिजली-पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक एवं सामुदायिक सुविधाओं का विस्तार करना भी उनकी प्राथमिकता है। ऐसे सहयोग से वार्ड में सामाजिक गतिविधियों और सामूहिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
अंत में पार्षद सुमित शर्मा सहित समस्त वार्डवासियों ने वरिष्ठ नागरिक ललित सकलेचा के इस सराहनीय योगदान के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।

