दो पहिया वाहनों की रैली में डीएम व एसपी सहित सैकड़ों लोगों ने किया प्रतिभाग, सड़क सुरक्षा / यातायात नियमों के प्रति जागरूकता के लिए महिलाओं ने निकाली स्कूटी रैली
हमीरपुर 19 जनवरी 2023
सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत लोगों में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूकता के उद्देश्य से आज महिलाओं द्वारा स्कूटी रैली निकाली गई। रैली में जिलाधिकारी डॉ चंद्र भूषण व पुलिस अधीक्षक श्री शुभम पटेल सहित 200 से अधिक महिलाओं ने प्रतिभाग किया।
रैली में शामिल होने वाले सभी प्रतिभागियों ने हेलमेट पहनकर यातायात नियमों का पालन करने का लोगों में संदेश दिया ।
स्कूटी रैली रानी लक्ष्मीबाई तिराहा से प्रारंभ होकर स्टेडियम ,पुलिस लाइन ,कलेक्ट्रेट ,बस स्टॉप, महिला थाना ,कालपी तिराहा, ईदगाह होते हुए सिटी फॉरेस्ट तक जाकर वापस जिला स्टेडियम में संपन्न हुई । रैली की अगुवाई जिलाधिकारी डॉ चंद्र भूषण व पुलिस अधीक्षक श्री शुभम पटेल ने दो पहिया वाहन / बुलेट चलाते हुए स्वयं की । रैली में महिलाए तख़ती बैनर लिए सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने हेतु नारे लगाती लोगों को प्रेरित व जागरूक करते चल रही थी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। बाइक चलाते समय हेलमेट व चार पहिया वाहन चलाते समय सीट-बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें। वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात न करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पांच जनवरी से चार फरवरी तक चलने वाले सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत यातायात नियमों का पालन करने को लेकर लोगों को विभिन्न माध्यमों से जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि अपने अपने स्कूलों में प्रार्थना सभा में बच्चों को जागरूक करें कि वे अपने अभिभावक व आस पास के लोगों को सड़क सुरक्षा हेतु जागरूक करें एआरटीओ प्रवर्तन अमिताभ राय ने कहा कि जागरूकता के साथ-साथ यातायात नियमों का पालन न करने वाले वाहन स्वामी-चालक के विरुद्ध ओवर स्पीडिग, नशे की हालत में ड्राइविग, गलत साइड ड्राइविग करना, वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग, हेलमेट व सीट बेल्ट न धारण करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जागरूकता अभियान निरंतर चलता रहेगा, ताकि पूर्व की अपेक्षा आगे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाया जा सके एवं सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर को कम किया जा सके। कहा कि यातायात नियमों का पालन सभी को करना चाहिए। ताकि वह खुद के साथ-साथ दूसरों को भी सुरक्षित रख सके। जागरूकता रैली में एडीएम न्यायिक डॉ नागेंद्र नाथ यादव,अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार , डीडीओ विकास ,डीपीआरओ राजेंद्र प्रकाश कुछेछा डिग्री कॉलेज की प्राचार्य डॉ वंदना, क्रीडा अधिकारी बृजेश सोनी, जिला प्रोबेशन अधिकारी राजीव कुमार सिंह, बीएसए कल्पना जायसवाल व महिला शिक्षिकाओ सहित विभिन्न विभागों की महिला कर्मचारियों सहित 200 से अधिक की संख्या में महिलाएं शामिल रहीं।
इंडियन टीवी न्यूज़ से ब्यूरो चीफ हमीरपुर कैलाश चंद्र सोनी