*हज यात्रा के दौरान बिछड़ गयी पत्नी की सऊदिया में मौत के बाद शव न मिलने से परिजनों में आक्रोश*
*इंडियन टीवी न्यूज़ से ब्यूरो चीफ हमीरपुर कैलाश चंद्र सोनी*
हमीरपुर। मौदहा नगर के हुसैनगंज के मूल निवासी वजीहउद्दीन करीब दो दशक से लखनऊ में रहते हैं। वह अपनी पत्नी शमा सुल्तान 58 वर्ष के साथ गत 7 जून को लखनऊ से हज यात्रा के लिए रवाना हुए थे। हज यात्रा कर वापस लखनऊ लौटते समय सऊदी अरब में उनकी पत्नी शमा सुल्तान उनसे बिछड़ गई। बाद में सूचना मिली कि उनकी सऊदी अरब में मौत हो गई है। यह जानकारी होते ही उनके परिजन सऊदी अरब पहुंच गए जहां उन्होंने शमा सुल्तान के शव के बारे में काफी खोजबीन की लेकिन उन्हें कोई जानकारी नहीं मिल सकी। जिससे उनके परिवार में कोहराम मच गया है। मृतका के भाई नौशाद संजरी ने बताया कि उनकी बहन व बहनोई को 17 जून को लखनऊ लौटना था। उन्होंने सऊदी अरब सरकार पर इस मामले में कोई सहयोग न मिलने पर आक्रोश जताया है। फिलहाल मृतका के परिजन अभी भी सऊदी अरब में रहकर शमा सुल्तान के शव के बारे में जानकारी करने के प्रयास में लगे हुए हैं। बताते चलें कि इस वर्ष हज यात्रा करने गए सैकड़ो लोगों की मौत हीट वेव के चलते हो गई है। जिसमें तमाम भारतीय भी शामिल हैं। इस घटना से मौदहा में रहने वाले उनके परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।