विरोध के बावजूद तोड़े गए 40 से अधिक कच्चे, पक्के निर्माण, चला बुलडोजर; फोर्स रही तैनात
Indian tv news
ब्यूरो चीफ. करन भास्कर चन्दौली उत्तर प्रदेश
चन्दौली /वाराणसी बुलडोजर की कार्रवाई के दौरान जिला अस्पताल के सामने अफरातफरी का माहौल रहा। अवैध निर्माण गिराने के बाद जिला प्रशासन ने हिदायत दी है कि दोबारा निर्माण न होने पाए। इस दौरान भारी मात्रा में फोर्स भी रही।विरोध के बावजूद जिला प्रशासन ने 40 से अधिक अवैध कच्चे पक्के निर्माण ढहाए। सिटी मजिस्ट्रेट रविशंकर सिंह की अगुवाई में शनिवार को पांडेयपुर स्थित दीनदयाल अस्पताल से ईएसआई चिकित्सालय तक अवैध निर्माणाें पर बुलडोजर चलाया गया। इस दौरान कुछ अधिवक्ता भी पहुंच गए। उनकी आड़ में लोग विरोध कर रहे थे।कार्रवाई के दौरान एक दवा की दुकान न गिराने पर लोगों ने प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाया। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि इस दुकान का अदालत से स्टे होने के कारण छोड़ा गया है। जब बुलडोजर क्षेत्र में पहुंचा तो वहां हड़कंप मच गया। कुछ लोग अपने सामान को बटोरने में लग गए।इस दौरान वहां काफी भीड़ भी जमा हो गई। जैसे ही अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चला वैसे ही विरोध करने वाले जमा हो गए। बार-बार पुलिस विरोध करने वालों को हटा रही थी। कुछ लोग अपनी जमीन बताने लगे। इस पर प्रशासन ने जमीन से जुड़े कागजात मांगे तो लोग दिखा नहीं पाए। इसके बाद प्रशासन ने सड़क के दोनों ओर अवैध निर्माण ढहाए।दरअसल, दीनदयाल अस्पताल के पास ईएसआई अस्पताल और मानसिक चिकित्सालय तक सड़क के दोनों ओर कच्चा पक्का अवैध निर्माण किया गया था। इनमें दवा की दुकानें, चाय, पान, नाश्ता, फल, तबेला आदि का निर्माण कराया गया था। इन दुकानों पर लगने वाली भीड़ के कारण न केवल मरीजों, तीमारदारों बल्कि यातायात पर भी असर पड़ रहा था। अक्सर यहां जाम की समस्या आती है। इसे ध्यान में रखकर जिला प्रशासन, नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, तहसील, पुलिस आदि ने मिलकर अवैध निर्माण को हटाया।