ब्यूरो चीफ सुन्दरलाल जिला सोलन
पी.एम.श्री केन्द्रीय विद्यालय 14 जी.टी.सी सुबाथू में आज 30-11-24 को निपुण कार्यक्रम के अंतर्गत, जो कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 का हिस्सा है, प्राथमिक विभाग में सामूहिक भोज का आयोजन किया गया जिसमें लगभग 120 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती आशा चौधरी के भाषण से हुआ जिसमें उन्होंने सामूहिक भोज के आयोजन की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
इस कार्यक्रम में सभी बच्चे अपने-अपने घरों से भारत के विभिन्न प्रांतों के जैसे दक्षिणी भारत, गुजरात, महाराष्ट्र, पंजाब, हिमाचल आदि के विशेष व्यंजन लेकर तथा वेश भूषा पहनकर विद्यालय आए। उन्होंने विभिन्न प्रांतों को दर्शाते स्टॉल लगाए जो कि एक अत्यंत आकर्षक पहल थी। इसके अतिरिक्त छात्र-छात्राओं ने उन प्रांतों के बारे में तथा वहाँ के व्यंजनों की विशेषताओं के बारे में अपने विचार रखे ।
भोजन प्रारंभ करने से पूर्व विद्यालय की संगीत शिक्षिका श्रीगती प्रोमिला नेगी ने भोजन मंत्र का उच्चारण किया जिसे हाथ जोड़ कर सभी बच्चों ने दोहराया तदोपरांत सभी ने एक दूसरे के साथ अपने-अपने भोजन का आदान प्रदान कर सामूहिक भोज का आनंद उठाया।
यह कार्यक्रम बच्चों को उत्तम भोजन, स्वच्छता, उत्तम स्वास्थ की अवधारणा को समझाने, विभिन्न प्रांतों के विभिन्न व्यंजनों की जानकारी देने एवं उनके बीच आपसी सहयोग व आदान प्रदान की भावना को विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है।
सामूहिक भोज का आयोजन विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती आशा चौधरी तथा समस्त प्राथमिक शिक्षक – श्रीमती प्राती अग्रवाल, श्री तेजस्वी प्रकाश नेगी, सुश्री उपासना तथा श्रीमती प्रीति देवी के कुशल निर्देशन व मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।