यमुना नगर से ब्यूरो चीफ संदीप गाँधी की रिपोर्ट
यमुनानगर, 16 जनवरी- उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार व पुलिस अधीक्षक राजीव देसवाल ने संयुक्त रूप से जिला सचिवालय के सभागार में पत्रकार वार्ता की। पत्रकारों से रूबरू होते हुए उन्होंने कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि हमारा जिला तरक्की के मार्ग पर अग्रसर है। सरकार की जनहित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाया जा रहा है। सरकार के विकासात्मक कार्यों को तेज गति से अमलीजामा पहनाया जा रहा है। सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुये कार्य कर रहे है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग यमुनानगर ने पूरे प्रदेश में सर्वप्रथम एक ऐसा एप्प बनाया है जिसमें टीबी के मरीज की बीमारी से संबंधित पूरा डाटा सेव किया जाता है एप्प से मरीज के बारे में पूरी जानकारी मिल जाती है।
उपायुक्त ने बताया कि जिला की सडक़े भी इम्प्रूव हुई है। जठलाना गुमथला सडक़ का कार्य प्रगति पर है। वहीं बाढ़ राहत कार्य लगभग पूरा हो गया है। साढौरा में नकटी नदी व खानुवाला में बाढ़ राहत कार्य किए गए। कैल कचरा प्लांट को साइड से कवर किया गया है ताकि आने-जाने वालों को असुविधा न हो। उन्होंने बताया कि सरस्वती नदी को धरा पर लाने का कार्य सुचारु रूप से चल रहा है। शहर की ट्रैफिक लाइटों व सडक़ की लाइटों को जल्द सुदृढ़ किया जायेगा। पंचायत भवन से कन्हैया चौक तक सडक़ों पर जाम की स्तिथि न बने इसके लिए उन जगहों को चिन्हित कर डिवाइडर बनाये जायेगे।
उन्होंने बताया कि लौहगढ़ के विकास के लिए बाबा बंदा सिंह बहादुर ट्रस्ट बनाया गया है, लौहगढ़ में बनने वाले प्रोजेक्ट का खाका टूरिज्म विभाग द्वारा तैयार कर लिया गया है। लौहगढ़ में होने वाले विकास कार्य दो फेस में किए जाएंगे पहले फेज में लगभग 75 करोड़ रुपए की लागत से भव्य मुख्य द्वार, म्यूजियम, लान, चारदीवारी बनेगी। लौहगढ़ के विकास का काम धरातल पर चल पड़ा है। आदि बद्री में डैम बनाने के काम का प्रस्ताव हिमाचल सरकार के पास पेंडिंग था वह क्लियर हो गया है। यह प्रोजेक्ट भी काफी बड़ा है, रिजर्ववायर बनेगा। रिजर्ववायर से पानी सरस्वती नदी व पाइपलाइन डालकर पानी सिंचाई के काम में लाया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि आदि बद्री के विकास का फेस वन का काम भी पूरा हो गया है जिसमें लंगर हाल, मल्टी स्टोरी ब्लॉक, पुजारी निवास, रैंप आदि बनाए गए हैं। केदारनाथ व बद्रीनाथ मंदिर को जोड़ने वाले बड़े पुल का निर्माण कार्य जारी है जो इस महीने के अंत तक पूरा हो जाएगा। उन्होंने बताया कि आदि बद्री के विकास के लिए लगभग 10 से 12 करोड़ रुपये के काम का खाका बनाकर सरकार को भेजा गया है। उन्होंने कहा कि 124 करोड़ रुपए की लागत के रोपवे की संभावनाएं तलाशी जा रही है जिसमें केदारनाथ मंदिर से माता मंत्रा देवी मंदिर तक विकास कार्य होंगे जिससे टूरिज्म हब के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं में से 440 घोषणाएं कमीशन हो चुकी है, 30 के लगभग कार्य प्रगति पर है, पेंडिंग घोषणाओं पर इसी वर्ष काम शुरू हो जाएगा। लिंगानुपात सुधार में भी यमुनानगर जिला हरियाणा प्रदेश में प्रथम स्थान पर है।
पुलिस अधीक्षक राजीव देसवाल ने बताया कि नशा तस्करों की धरपकड़ का काम निरंतर पुलिस विभाग द्वारा किया जा रहा हैं। समाज के लोगों को किसी तस्कर के बारे पता चले तो इसकी सूचना पुलिस विभाग को दें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जायेगा। समाज के सहयोग से ही नशे से युवाओं को बचाया जा सकता है। नशीले पदार्थों की बिक्री करने वालों पर निरंतर कार्यवाही पुलिस विभाग द्वारा की जा रही है और दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जा रहा है। जिला के 490 पंचायतों में से 188 गावों व शहर के 18 वार्डों को नशा मुक्त बनाया गया है। नागरिकों की सुरक्षा के लिये पुलिस सदैव प्रतिबद्ध है।