सावन के पहले सोमवार को शिवालयों में उमड़ी भीड़
दुद्धी सोनभद्र । भगवान शिव को अतिप्रिय सावन पवित्र माह के पहले सोमवार को शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भगवान शिव को अतिप्रिय सावन माह के प्रारंभ और पहले सोमवार को देखते हुए कस्बा एवं आसपास के क्षेत्रों के शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ देखी गई ।इस दौरान भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए शिव भक्तों ने विशेष पूजा की।
कस्बा स्थित शिवाला महादेव मंदिर, नवनिर्मित शिवाजी तालाब शिव मंदिर, कनहर नदी तट स्थित कन्हरेश्वर महादेव मंदिर, लउवा नदी तट स्थित हीरेश्वर महादेव मंदिर , कैलाश कुँज द्वारा मल्देवा और पंचदेव शिव मंदिर समेत कस्बे के अन्य मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक कर शहद, दही, बेल पत्र,धतूरा फल-फूल ,अक्षत और प्रसाद चढ़ाकर भगवान शिव की आराधना की।साथ ही कुछ भक्तों ने भगवान शिव का रुद्राभिषेक कर अपने आराध्य को प्रसन्न किया ।इस दौरान शिव भक्त बीच बीच में हर हर महादेव के जयकारा के उद्घोष करते रहे ।हर हर महादेव जयघोष और शंखनाद से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान हो उठा।सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन पूजन अर्चन कर आशीर्वाद लिया और मंगलकामना की ।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी विवेक सिंह