नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
ब्यूरो चीफ हजारीबाग।
सांसद तीर्थ दर्शन महाअभियान: रामगढ़ से 65 तीर्थयात्रियों का पाँचवाँ जत्था वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के लिए रवाना
रामगढ़/हजारीबाग: लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल द्वारा शुरू किया गया महत्वाकांक्षी “सांसद तीर्थ दर्शन” महाअभियान अब रामगढ़ जिले तक पहुंच गया है। शनिवार को रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के चितरपुर प्रखंड स्थित भूचुंगडीह पंचायत से इस अभियान का पाँचवाँ जत्था उत्तर प्रदेश के प्रमुख तीर्थ स्थलों वाराणसी, प्रयागराज (संगम), अयोध्या और विंध्याचल के दर्शन के लिए रवाना हुआ। इस जत्थे में कुल 65 तीर्थयात्री शामिल हैं, जिनमें 60 श्रद्धालु और 5 स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता हैं।
भव्य विदाई और उत्साह का माहौल:
रजरप्पा रोड स्थित भूचुंगडीह में इस पावन यात्रा को सांसद मनीष जायसवाल सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने हरी झंडी दिखाई। सांसद जायसवाल के साथ रामगढ़ भाजपा जिला अध्यक्ष प्रवीण मेहता, भाजपा जिला महामंत्री विजय जायसवाल, सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल, चंद्रशेखर चौधरी, द्वारिका सिंह उर्फ़ खोखा सिंह, और अन्य भाजपा नेताओं ने सांकेतिक रूप से पाँच तीर्थयात्रियों के पांव पखार कर उनका आशीर्वाद लिया। यात्रियों पर पुष्प वर्षा कर उन्हें यात्रा के लिए विदा किया गया, जिससे भक्ति और उत्सव का अद्भुत संगम देखने को मिला।
इस अवसर पर छत्तर दुर्गा मंडप के समीप बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोशन लाल चौधरी भी जुड़े और उन्होंने भी फूल बरसाकर तीर्थयात्रियों का सम्मान किया। यात्रा के प्रति तीर्थयात्रियों और क्षेत्रवासियों में जबरदस्त उत्साह देखा गया, और सांसद मनीष जायसवाल के इस आध्यात्मिक प्रयास की जमकर सराहना की जा रही है।
अभियान का बढ़ता दायरा: सांसद मनीष जायसवाल ने इस यात्रा का “श्री गणेश” करते हुए तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह अभियान क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों के तीर्थाटन के सपने को साकार कर रहा है और हमारी सामाजिक व सांस्कृतिक एकता को मजबूत करेगा। उन्होंने ईश्वर के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की कि उन्हें इन तीर्थयात्रियों को भेजने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।
यह “सांसद तीर्थ दर्शन” महाअभियान का पाँचवाँ जत्था है। इससे पहले, यह यात्रा हजारीबाग सदर विधानसभा क्षेत्र के नृसिंह स्थान मंदिर प्रांगण से शुरू हुई थी। दूसरा जत्था मांडू विधानसभा क्षेत्र के विष्णुगढ़ प्रखंड स्थित ग्राम पंचायत अचलजामू से, तीसरा जत्था बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के केरेडारी प्रखंड अंतर्गत पेटो से और चौथा जत्था बरही विधानसभा क्षेत्र के पदमा प्रखंड स्थित ग्राम पंचायत पदमा से तीर्थाटन के लिए रवाना हुआ था।
यात्रियों का भव्य स्वागत: यात्रा के दौरान रजरप्पा मंदिर, चितरपुर काली मंदिर, बड़की पोना, छत्तर दुर्गा मंडप और रामगढ़ सुभाष चौक सहित कई जगहों पर स्थानीय लोगों द्वारा तीर्थयात्रियों का जोरदार अभिनंदन किया गया। अजय पटवा, अमृतलाल पटवा, शेखर पटवा, विकास कुशवाहा, रमेश दंगी, दिलीप सिंह, विजय जायसवाल, अनमोल सिंह, सूर्यवंश श्रीवास्तव, संजय सिंह, अमित साहू और गोविंद मेवाड जैसे प्रमुख व्यक्तियों ने यात्रियों का स्वागत किया।
सांसद सेवा कार्यालय की ओर से सभी तीर्थयात्रियों को अल्पाहार, फल, पानी की बोतल और अंग-वस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया, जिससे उनकी यात्रा और भी सुखद बन सके।