हेलीकॉप्टर से कांवड़ मार्ग का हवाई सर्वेक्षण, श्रद्धालुओं पर की गई पुष्पवर्षा
सहारनपुर, 20 जुलाई 2025
श्रावण मास की महाशिवरात्रि और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सहारनपुर परिक्षेत्र पुलिस लगातार सतर्क निगरानी रख रही है। पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) अभिषेक सिंह के निर्देशन में सुरक्षा, सेवा एवं श्रद्धा के भाव से कांवड़ मार्गों पर व्यापक इंतजाम किए गए हैं, जिससे यात्रा पूरी तरह सुचारु और निर्बाध रूप से जारी है। इसी क्रम में आज सहारनपुर मंडल के आयुक्त एवं DIG सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह द्वारा हेलीकॉप्टर के माध्यम से मुख्य कांवड़ मार्ग का हवाई सर्वेक्षण किया गया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए यह सुनिश्चित किया कि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो। हवाई निरीक्षण के दौरान कांवड़ियों और श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत और उत्साहवर्धन भी किया गया, जिससे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया। DIG अभिषेक सिंह ने बताया कि पुलिस बल, होमगार्ड, पीएसी और प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद है। ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी की मदद से यात्रा मार्गों पर नजर रखी जा रही है। कांवड़ यात्रा में सम्मिलित श्रद्धालुओं से भी सहयोग की अपील की गई है ताकि यह धार्मिक यात्रा पूर्ण रूप से शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो।
रिपोर्टर रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़