नरेश सोनी
हजारीबाग: जिले में उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने विभिन्न बैठकों की अध्यक्षता करते हुए जिले में विकास कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर जोर दिया। इस दौरान अवैध खनन पर नकेल कसने, मादक द्रव्यों के सेवन पर रोक लगाने और लंबित विभागीय मामलों के त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए गए।अवैध खनन पर सख्ती और कम कार्रवाई पर चिंता उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई खनन टास्क फोर्स की बैठक में अवैध खनन के खिलाफ चल रहे अभियान की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी चेक पोस्टों को सक्रिय रखने और पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों को संयुक्त छापेमारी करने के निर्देश दिए। जून 2025 में खनन विभाग ने 26 वाहन जब्त कर ₹5.62 लाख का राजस्व वसूला, जबकि परिवहन विभाग ने ₹1 लाख का जुर्माना लगाया। हालांकि, उपायुक्त ने जून में अंचलों द्वारा कम कार्रवाई पर असंतोष व्यक्त करते हुए शून्य प्रतिवेदन वाले प्रखंडों में सघन जांच के आदेश दिए। उन्होंने एसडीपीओ और अनुमंडल पदाधिकारियों को 15 अक्टूबर तक बालू उठाव पर प्रभावी रोक सुनिश्चित करने को भी कहा।
मादक द्रव्यों के निषेध हेतु ठोस कदम
अपर समाहर्ता संतोष कुमार की अध्यक्षता में हुई जिला स्तरीय नार्को कॉर्डिनेशन समिति की बैठक में मादक द्रव्यों के निषेध और नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने पर चर्चा हुई। अधिकारियों को नशे के व्यापार में संलिप्त तत्वों पर कड़ी कार्रवाई करने और जनजागरूकता कार्यक्रमों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
अंतर्विभागीय समन्वय और जनसमस्याओं का निवारण
उपायुक्त ने अंतर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने शहरी पेयजल योजना के तहत क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत को प्राथमिकता देने, आंगनवाड़ी केंद्रों के विद्युतीकरण, न्यायालयीन मामलों के त्वरित निपटारे और खेल मैदानों के लिए भूमि चिह्नित करने को कहा। इसके अतिरिक्त, जनता दरबार, पीजी पोर्टल और सीपी ग्राम पर प्राप्त आवेदनों के शीघ्र निपटान, जाति, आय, आवासीय प्रमाण पत्र के निर्गतीकरण में तेजी लाने के लिए प्रशिक्षण देने तथा एनजीटी मामलों और बिजली के तारों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।
सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता की चैंपियन टीम सम्मानित
उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने 64वीं सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता 2025-26 की चैंपियन पीएम श्री के.बी. हाई स्कूल, हजारीबाग की अंडर-17 बालिका टीम को सम्मानित किया। यह टीम राज्य स्तरीय फाइनल में गुमला को हराकर विजयी हुई है और अब राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व करेगी। उपायुक्त ने टीम को राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं और जिला प्रशासन द्वारा खेल प्रतिभाओं को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।