नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
ब्यूरो चीफ हजारीबाग।
विनोबा भावे विश्वविद्यालय के संस्कृत विभाग में स्नातकोत्तर छात्रों का विदाई समारोह आयोजित
हज़ारीबाग : विनोबा भावे विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर संस्कृत विभाग में गुरुवार, 24 जुलाई को चतुर्थ सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए एक भावभीनी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विभागाध्यक्ष डॉ. अंजुम आरा ने की, जिन्होंने अपने अध्यक्षीय भाषण में विदा हो रहे विद्यार्थियों का स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। डॉ. आरा ने छात्रों को सही मार्ग पर चलने और अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. नकुल पाण्डेय ने भी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि विदाई जीवन का एक अभिन्न अंग है। उन्होंने छात्रों को “उद्यमेन हि सिद्धयन्ति” का मंत्र देते हुए परिश्रम के महत्व पर जोर दिया। डॉ. पाण्डेय ने विद्यार्थियों को गुरुओं की बातों को गंभीरता से लेने, क्रोध से बचने और न्याय के लिए खड़े होने का आह्वान किया, साथ ही उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में प्रगति करने और लक्ष्य प्राप्त करने का आशीर्वाद दिया।
शोधार्थी नलिन बिलोचन पाण्डेय ने भी चतुर्थ सेमेस्टर के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें अपने लक्ष्यों का पीछा करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में द्वितीय सेमेस्टर के विद्यार्थी बीरेन्द्र कुमार ने विदाई गीत प्रस्तुत किया। चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र गणेश कुमार ने विभाग में बिताए दो वर्षों के अनुभवों को साझा किया और द्वितीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों को प्रेरित किया। इसके बाद अंकित कुमार ने अपने अनुभव साझा करते हुए विभाग में सीखी बातों को जीवन में आत्मसात करने की बात कही। अदिति नमामि और सुधांशु कुमार शर्मा ने भी अपने अनुभव कथन में विभाग के गुरुजनों द्वारा बताए गए मूल्यों को साझा किया। सूरज कुमार ने अपने अनुभव में दो वर्षों की कक्षाओं के संस्मरण बताए।
द्वितीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों द्वारा विश्वकल्याण नाटक का मंचन किया गया, साथ ही अन्य प्रस्तुतियाँ भी दी गईं। मंच का संचालन द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा शिवानी कुमारी एवं प्रियंका कुमारी ने किया। अंत में हिमांशु कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया।