नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज
ब्यूरो चीफ हजारीबाग।
गिरते मिट्टी के घर की चपेट में आने से महिला की मौत
हजारीबाग/दारू: थाना क्षेत्र के बड़का इरगा गांव में एक जर्जर मिट्टी के घर का हिस्सा गिरने से 80 वर्षीय मुंदरी देवी की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब मुंदरी देवी अपने घर से जबरा चौक की ओर टहलने जा रही थीं।
रास्ते से गुजरते समय, महाबीर उर्फ कोल्हा पासवान के जर्जर और खाली पड़े घर का एक बड़ा टुकड़ा उन पर गिर गया। मुंदरी देवी मलबे में दब गईं, उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं और चेहरा बुरी तरह से विकृत हो गया, जिससे मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
घटना के बाद, ग्रामीणों और परिजनों ने कुदाल की मदद से मिट्टी हटाकर उन्हें बाहर निकाला। ग्रामीणों के अनुसार, घर के मालिक महाबीर पासवान, जो लंबे समय से अपने परिवार के साथ बंगाल में रह रहे हैं, को कई बार इस जर्जर घर को गिराने के लिए कहा गया था, लेकिन उन्होंने इस पर ध्यान नहीं दिया।
मृतका के पांच बेटे और दो बेटियां हैं। घटना की सूचना मिलने पर मुखिया अनीता देवी मौके पर पहुंचीं और उन्होंने बीडीओ हारून रासीद और अंचलाधिकारी रामबालक कुमार से बात कर पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग की। मृतक वृद्ध महिला के घर खबर मिलते ही दारू थाना प्रभारी ईकबाल हुसैन दल बल के साथ पहूचें।