दुद्धी में खाद संकट, किसानों की परेशानी बढ़ी, सहकारी समितियों पर नहीं मिल रहा खाद
दुद्धी सोनभद्र।दुद्धी क्षेत्र में सहकारी आपूर्ति समितियों पर खाद नहीं मिलने से किसान खासे परेशान हैं। धान की रोपाई के बाद जब पहली खाद की जरूरत है, तो लैम्पसो से खाद नहीं मिल रही है। किसान खाद के लिए सप्ताह भर से परेशान हैं और दिन-भर खाद के लिए लैम्पस का चक्कर लगा रहे हैं।
वहीं, बाजार के दुकानदार सहकारी समितियों पर खाद न मिलने का जमकर फायदा उठाते हुए दोगुने दामों पर यूरिया खाद बेच रहे हैं। मजबूरन किसानों को 500 से 600 रुपये बोरी यूरिया खाद खरीदनी पड़ रही है।
रविवार को दुद्धी लैम्पस पर खाद के लिए प्रदर्शन करते हुए किसानों ने नाराजगी जताई। किसानों का कहना है कि खाद कम आ रही है, इसलिए कम बांटा जा रहा है। पता ही नहीं चल रहा है कि खाद कब आएगी और कब बंटेगी।
एडीओ कॉपरेटिव मनोज कुमार ने बताया कि कई सहकारी समितियों पर खाद सीमित मात्रा में आ रही है और किसानों की लंबी भीड़ लग जा रही है। इसलिए प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में पारदर्शिता पूर्वक खाद बंटवाने की प्रक्रिया अपन से खाद बंटवाने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। जैसे-जैसे खाद आ रही है, वैसे-वैसे खाद वितरण के लिए निर्देश दिए गए हैं।
किसानों ने मांग की है कि सहकारी समितियों पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें बाजार में महंगे दामों पर खाद न खरीदनी पड़े। किसानों का कहना है कि अगर जल्द ही खाद की समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो धान की फसल नुकसान होने की कगार पर पहुंच जाएगी।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह