गागलहेड़ी पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़, गैंगस्टर एक्ट का वांछित अपराधी गिरफ्तार, एक फरार
सहारनपुर । जनपद सहारनपुर में अपराध नियंत्रण और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गागलहेड़ी पुलिस और बदमाशों के बीच गुरुवार देर रात मुठभेड़ हो गई। इस दौरान गैंगस्टर एक्ट व चोरी के मामलों में वांछित एक शातिर बदमाश को पुलिस ने घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, 21 अगस्त 2025 की रात थाना गागलहेड़ी पुलिस ग्राम बलियाखेड़ी से ग्राम कोलकी जाने वाले मार्ग पर संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे कच्चे रास्ते से भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार बदमाश की पहचान रमजान उर्फ रमजानी पुत्र अब्बास निवासी ग्राम हरोड़ा थाना गागलहेड़ी के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार रमजान गैंगस्टर एक्ट और चोरी समेत कई मामलों में वांछित है और उसके खिलाफ थाना गागलहेड़ी में 6 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने मौके से 1 तमंचा, 315 बोर, 2 खोखा व 2 जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल बदमाश को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, फरार बदमाश की तलाश में कॉम्बिंग ऑपरेशन जारी है।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़