नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज
ब्यूरो चीफ हजारीबाग।
मुंबई में नव झारखंड फाउंडेशन के अध्यक्ष किशोरी राणा ने धूमधाम से किया गणपति बप्पा का पूजन
हजारीबाग: नव झारखंड फाउंडेशन के केंद्रीय अध्यक्ष किशोरी राणा ने मुंबई स्थित अपने मीरा रोड आवास पर पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ गणपति बप्पा का स्वागत किया। गणेश चतुर्थी के अवसर पर आयोजित इस भव्य पूजा-अर्चना में परिवारजनों, मित्रों और संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया।
ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच गणपति बप्पा की स्थापना की गई और पारंपरिक विधि-विधान से पूजन संपन्न हुआ। किशोरी राणा ने इस अवसर पर कहा कि गणपति बप्पा विघ्नहर्ता हैं और उनका आशीर्वाद लेने से जीवन की सभी कठिनाइयां दूर होती हैं। उन्होंने देशवासियों की खुशहाली, शांति और समृद्धि के लिए विशेष प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने यह भी संदेश दिया कि त्योहार केवल आस्था तक सीमित नहीं बल्कि सामाजिक समरसता और भाईचारे को मजबूत करने का भी माध्यम है।
पूजा स्थल पर दीप, फूल और रंग-बिरंगी सजावट से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। गणपति बप्पा के जयकारों से माहौल गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने भक्ति गीत गाकर और प्रसाद वितरण कर अपनी आस्था व्यक्त की। श्री राणा ने कहा कि झारखंड से दूर रहकर भी वह अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने का हर संभव प्रयास करते हैं। उनका मानना है कि गणपति उत्सव भारतीय संस्कृति की अद्भुत झलक है, जो हर वर्ग और समुदाय को एकजुट करने का काम करता है।
इस मौके पर उन्होंने सभी देशवासियों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं दीं और अपील की कि हर कोई मिलजुल कर समाज और देश की उन्नति में योगदान दे।