दुद्धी (सोनभद्र) सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो जाने से परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार मृतका भालोकुदर थाना कोन निवासी मुन्नी देवी (60) पत्नी श्यामलाल , एक सप्ताह पहले बुखार से पीड़ित थीं, जिनका इलाज कचनारवा के एक निजी अस्पताल में हुआ था। स्थिति कुछ दिनों तक सामान्य रही, लेकिन दो दिन पूर्व अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें पुनः कचनारवा के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विंढमगंज रेफर कर दिया।
विंढमगंज में भी स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें दुद्धी भेज दिया। बुधवार सुबह करीब 9 बजे मुन्नी देवी को सीएचसी दुद्धी में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान दोपहर करीब 12 बजे उनकी मौत हो गई।
अचानक मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका के मध्य पुत्र रमेश और पुत्री सुनीता देवी मातम में डूबे हैं। वहीं पति श्यामलाल और छोटा पुत्र कमलेश मजदूरी के सिलसिले में बाहर गए हुए हैं, जिन्हें घटना की सूचना दी गई है।
गांव में घटना से शोक की लहर है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह