नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज
हजारीबाग।
हजारीबाग प्रेस क्लब के नव-निर्मित भवन का भव्य उद्घाटन आज पत्रकारिता जगत के लिए ऐतिहासिक क्षण
नव-निर्मित भवन का भव्य उद्घाटन
पत्रकारों में उत्सव जैसा माहौल
हजारीबाग। हजारीबाग प्रेस क्लब के नव-निर्मित भवन का आज भव्य उद्घाटन होगा। यह दिन हजारीबाग एवं आसपास के क्षेत्र के पत्रकारों के लिए किसी त्योहार से कम नहीं है। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ सुबह 9:00 बजे पूजा अर्चना के साथ होगी। 11 बजे से कार्यक्रम की शुरुआत होगी। दोपहर 12:30 बजे उद्घाटन सांसद मनीष जायसवाल फीता काटकर करेंगे। उनके साथ मंच पर हजारीबाग सदर विधायक, बरकट्ठा विधायक, बड़कागांव विधायक एवं बरही विधायक, मांडू विधायक के साथ जिले के पदाधिकारी, जीप चेयरमैन और हजारीबाग के समाजसेवी व राजनीतिक दल के नेता उपस्थित रहेंगे। यह अवसर पत्रकारों और जनप्रतिनिधियों के बीच एक ऐतिहासिक संगम का साक्षी बनेगा। शहर के विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, समाजसेवी, बुद्धिजीवी एवं प्रबुद्धजन इस अवसर पर शामिल होंगे। हजारीबाग जिला अंतर्गत सभी प्रखंडों से 150 से अधिक पत्रकार इस समारोह में शामिल होकर इसे यादगार बनाने वाले हैं। पूरे भवन परिसर को आकर्षक साज-सज्जा से सजाया गया है। कृत्रिम फूलों और गेंदे की मालाओं से सजावट कर परिसर को उत्सव स्थल में बदल दिया गया है। हर कोई इस कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
क्लब के अध्यक्ष मुरारी सिंह एवं सचिव विस्मय अलंकार ने संयुक्त रूप से कहा कि हजारीबाग प्रेस क्लब पत्रकारों की आवाज़ और उनके अधिकारों का प्रतीक रहा है। नए भवन का उद्घाटन पत्रकारिता जगत में एक नया अध्याय जोड़ने जैसा है। यह भवन केवल एक संरचना नहीं बल्कि पत्रकारों के लिए संवाद, रचनात्मकता और सहयोग का केंद्र बनेगा। हजारीबाग प्रेस क्लब हमेशा से पत्रकारों के हित में कार्य करता रहा है।