वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने की अपराध गोष्ठी, अधिकारियों को दिए निर्देश
सहारनपुर । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर ने 8 सितम्बर 2025 को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में अपराध गोष्ठी का आयोजन किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर, ग्रामीण, यातायात सहित सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और शाखा प्रभारी मौजूद रहे।
गोष्ठी में जिले में चल रहे अभियानों की समीक्षा की गई तथा अपराध नियंत्रण को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस टीम को पूरी तरह सक्रिय किया जाए। उन्होंने कहा कि लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण, जनता की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई और पारदर्शी जांच व्यवस्था ही पुलिस की साख को मजबूत बनाती है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखना है। इसके लिए नियमित गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी, खुफिया तंत्र को और अधिक मजबूत करने तथा सक्रिय अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कानून व्यवस्था के साथ-साथ महिला सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण और नशे के अवैध कारोबार पर विशेष ध्यान दिया जाए। जनता के बीच पुलिस की छवि संवेदनशील और जवाबदेह बनी रहे, इसके लिए प्रत्येक अधिकारी को ईमानदारी व तत्परता से कार्य करना होगा।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़