दुद्धी सोनभद्र। कोतवाली पुलिस की साइबर टीम ने एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा यूपीआई के माध्यम से की गई 17,500 रुपये की ठगी के मामले का निस्तारण करते हुए पीड़ित को उसकी धनराशि वापस दिलाई है।
वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुरेश चंद्र द्विवेदी ने जानकारी दी कि दीपक कुमार गुप्ता, पुत्र विजेंद्र साव, निवासी डूमरडीह थाना दुद्धी द्वारा यह शिकायत दर्ज कराई गई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने यूपीआई के जरिए उनसे 17,500 रुपये की ठगी कर ली है। इस पर शिकायत राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (cybercrime.gov.in) पर दर्ज की गई थी।
बुधवार को साइबर टीम ने पोर्टल पर दर्ज विवरण का अवलोकन करते हुए फ्रॉड की गई धनराशि को संबंधित बैंक खाते में *होल्ड* कराया। इसके बाद आवश्यक लेनदेन संबंधी साक्ष्य एकत्र कर ईमेल एवं पत्राचार के माध्यम से बैंक से समन्वय स्थापित किया गया। कार्यवाही के परिणामस्वरूप पीड़ित आवेदक की ठगी गई संपूर्ण धनराशि 17,500 रुपये उसके मूल बैंक खाते में सफलतापूर्वक वापस करा दी गई।
एसएसआई द्विवेदी ने बताया कि साइबर अपराध की घटना होने पर पीड़ित व्यक्ति तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या नजदीकी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएं। इसके अतिरिक्त, राष्ट्रीय पोर्टल cybercrime.gov.in पर भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज की जा सकती है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह