नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज
ब्यूरो हजारीबाग
झामुमो दारू प्रखंड ने भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी
हजारीबाग/ दारू : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) दारू प्रखंड के कार्यकर्ताओं ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) और अंचल अधिकारी (सीओ) से मुलाकात कर विभिन्न जन समस्याओं को उठाया और अधिकारियों को भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने की चेतावनी दी। पार्टी ने जल्द ही प्रखंड और अंचल स्तर पर जन आंदोलन शुरू करने का एलान किया है।
मनरेगा और भूमि मामलों में भ्रष्टाचार का आरोप
झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष छत्रधारी प्रसाद ने अधिकारियों से मुलाकात के बाद बताया कि उन्हें जनता से लगातार भ्रष्टाचार की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने बीडीओ से मनरेगा (नरेगा) के कार्यों में हो रहे व्यापक भ्रष्टाचार पर रोक लगाने और पिछले तीन वर्षों में हुए सभी कार्यों की सूची उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि कई कार्य केवल कागजों पर हो रहे हैं और फर्जी बिलों के जरिए सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। संगठन मंत्री रविंद्र प्रसाद कुशवाहा ने मनरेगा में भ्रष्टाचार को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि अगर इस पर रोक नहीं लगी तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसी तरह, सीओ से भूमि संबंधी मामलों जैसे म्यूटेशन, रसीद, और सर्टिफिकेट के संबंध में बात की गई। झामुमो नेताओं ने आरोप लगाया कि इन कामों के लिए खुलेआम रिश्वत ली जा रही है और ग्रामीणों को परेशान किया जा रहा है।
पार्टी का विस्तार होगा
प्रखंड अध्यक्ष छत्रधारी प्रसाद ने कहा कि पार्टी का विस्तार करने के लिए दुर्गा पूजा के बाद पंचायत स्तर पर चुनाव आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक पंचायत से पांच सदस्यों की नियुक्ति की जाएगी ताकि पार्टी का काम और मजबूत हो सके।
इस दौरान झामुमो सचिव रूपन मुर्मू ने भी भ्रष्टाचार पर आक्रोश व्यक्त किया और जन आंदोलन की जरूरत पर जोर दिया। बैठक में पार्टी के कार्यकर्ता नारायण दास, राजकुमार, कमलेश प्रसाद, जय सिंह, नीरज कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।