नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग।
हजारीबाग: दुर्गा पूजा से पहले हजारीबाग जिला प्रशासन ने मिलावटखोरों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। उपायुक्त और अभिहित अधिकारी डॉ. शशि जायसवाल के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मो. मंजर हुसैन ने आज सब्जी मंडी और कुछ दुकानों में औचक छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान, मो. कलाम की दुकान से नए आलू, मो. वकील और अजय कुमार की दुकान से लाल आलू के नमूने लिए गए। इसके अलावा, काका स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट से काजू बर्फी और जय मां मार्ट से सोनपापड़ी के नमूने भी जांच के लिए जब्त किए गए। सभी नमूनों को रांची स्थित राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
मिलावट पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई
खाद्य विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि जांच में इन नमूनों में किसी भी तरह की मिलावट पाई जाती है, तो खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम 2006 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान, होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को अपने परिसर को साफ-सुथरा रखने और केवल शुद्ध खाद्य सामग्री बेचने के निर्देश दिए गए। रसोइयों को भी काम करते समय मास्क, कैप और एप्रन पहनने का सख्त आदेश दिया गया। साथ ही, सब्जी और फल विक्रेताओं को चेतावनी दी गई है कि वे प्रतिबंधित रंगों और रसायनों का इस्तेमाल न करें, अन्यथा उन पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई त्यौहारों के मौसम में लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है। टीम में विकास शर्मा, सूरज कुमार, शशि भूषण मुंडा और चालक धनेश्वर कुशवाहा शामिल थे।