मिशन शक्ति’ के तहत महिलाओं ने संभाली परिवहन अधिकारी की कमान: जनपद में सुरक्षित परिवहन और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के विशेष निर्देश पर आज आटा टोल प्लाजा पर एक विशाल स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI), परिवहन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, यातायात पुलिस और विभिन्न समाज सेवी संस्थाओं के सामूहिक सहयोग से लगाए गए इस शिविर में चालकों और परिचालकों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया। शिविर में कुल 49 चालकों/परिचालकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। डॉ.अशोक कुमार (एम.ओ.) और अभिषेक प्रनामी (एल.टी.) की टीम ने इन सभी की स्वास्थ्य और मधुमेह (शुगर) की जाँच की। जाँच के दौरान यह पाया गया कि 04 चालकों/परिचालकों की शुगर बढ़ी हुई थी, जबकि 04 अन्य का रक्तचाप (ब्लड प्रेशर) सामान्य से अधिक था। इन सभी को तुरंत चिकित्सीय परामर्श दिया गया और अपने स्वास्थ्य पर ध्यान देने की सलाह दी गई। स्वास्थ्य शिविर के साथ ही मिशन शक्ति कार्यक्रम के तहत टोल प्लाजा पर एक विशेष जागरूकता अभियान भी चलाया गया। नारी सशक्तिकरण की इस पहल के तहत अंचला यादव को एक दिन के लिए सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (A.R.T.O.) और हेमलता रायकवार को एक दिन के लिए परियोजना निदेशक का दायित्व सौंपा गया। इन दोनों महिलाओं ने पूरी ज़िम्मेदारी के साथ टोल प्लाजा का गहन निरीक्षण किया और सड़क सुरक्षा को लेकर आवश्यक सुझाव भी दिए। अपने एक दिवसीय कार्यकाल के दौरान, अंचला यादव और हेमलता रायकवार ने एक अनूठी पहल की। उन्होंने सभी अधिकारियों की उपस्थिति में, बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चलाने वालों और बिना सीट बेल्ट के चारपहिया वाहन चलाने वाले स्वामियों को फूल भेंट कर हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग के लिए प्रेरित किया। वहीं, जिन्होंने मौके पर सुरक्षा नियमों का पालन किया हुआ था, उन्हें धन्यवाद देकर उनका उत्साह बढ़ाया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रथम दल, राजेश कुमार ने चालकों/परिचालकों को सुरक्षित परिवहन के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सभी से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय हेलमेट/सीट बेल्ट का प्रयोग करें, नशे की हालत में ड्राइविंग न करें, मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें और ओवर स्पीड से बचें। उन्होंने दुर्घटना में घायल लोगों की सहायता करने और क्षमता से अधिक माल या सवारियाँ न ढोने का भी आग्रह किया। राजेश कुमार ने स्पष्ट किया कि स्वस्थ शरीर और सड़क सुरक्षा के नियमों की जागरूकता से ही दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। टोल प्लाजा मैनेजर ने भी चालकों से सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की और NHAI द्वारा दी जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। इस महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक कार्यक्रम में राजेश कुमार (ए.आर.टी.ओ.), बीर बहादुर सिंह (यातायात प्रभारी), उत्तम सिंह (परियोजना निदेशक), अंकेश श्रीवास्तव (मैनेजर-टोल प्लाजा), इरफान अहमद (ई.एच.एस.), मंगलेश शर्मा, वेद प्रकाश तिवारी, मंगल सिंह, दिनेश प्रताप सिंह, अंकित कुमार, अरविन्द्र मिश्रा, हर्ष, और महावीर तरसौलिया (समाज सेवी),अलीम सर(समाजसेवी) की अहम भागीदारी रही।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख
उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश