नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग।
हजारीबाग: उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह के निर्देश पर, जिला परिवहन पदाधिकारी वैद्यनाथ कामती की अध्यक्षता में आज जिला सड़क सुरक्षा समिति और जिला स्तरीय हिट एंड रन समिति की महत्वपूर्ण बैठक हुई।
बैठक में दनुआ घाटी में बार-बार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए एक अस्थायी एनफोर्समेंट पॉइंट स्थापित करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। यह फैसला इस क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने के लिए एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
इसके अलावा, हर प्रखंड में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और निगरानी के लिए संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में एक समिति गठित करने का निर्णय लिया गया। यातायात पुलिस को भी कड़े निर्देश दिए गए हैं कि वे ओवरस्पीडिंग और नशे की हालत में गाड़ी चलाने वाले चालकों के खिलाफ सख्त जांच अभियान चलाएं।
गुड समैरिटन को प्रोत्साहन
बैठक में स्वास्थ्य विभाग को ‘गुड समैरिटन’ यानी सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाने वाले मददगार नागरिकों को प्रोत्साहित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी, मोटरयान निरीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक, पथ निर्माण विभाग (हजारीबाग और बोकारो), राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (हजारीबाग और रांची) के प्रतिनिधि सहित कई महत्वपूर्ण पदाधिकारी मौजूद थे।