इंडिया टीवी राजेश मौर्य
कुशीनगर के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सिसवा शुकुल में कल देर रात अराजक तत्वों ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने अगले दिन सुबह से ही धरना शुरू कर दिया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, सिसवा शुकुल गांव में मूर्ति विसर्जन के दौरान जुलूस जब दलित बस्ती की ओर बढ़ा, तो कुछ युवकों ने बस्ती के लड़कों पर गुलाल और अबीर फेंकना शुरू कर दिया। इसका विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और आरोप है कि कुछ युवकों ने दलित बस्ती के लड़कों की पिटाई कर दी, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका सिर फट गया।
ग्रामीण शिवेंद्र सिंह ने बताया कि मारपीट के बाद उन्हीं युवकों ने पास में स्थापित बाबा साहब अंबेडकर की मूर्ति का हाथ तोड़ दिया और मूर्ति पर गोबर फेंका, जिसकी वीडियो फुटेज भी सामने आई है।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने गांव में ही धरना शुरू कर दिया और कहा कि जब तक दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं होती, वे आंदोलन जारी रखेंगे।
वहीं, मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष कप्तानगंज चंद्र भूषण प्रजापति ने बताया कि, “घटना के संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।