बिहार में विधानसभा चुनाव की तारीख ज्यों-ज्यों करीब आ रही है, पड़ोसी जिला होने की वजह से राजनेताओं का आगमन शुरू हो गया है। आगामी आठ नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बिहार राज्य के बेतिया में जनसभा प्रस्तावित है, जहां से वापसी में उनकी तरफ से कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ट्रांजिट विजिट संभावित है।उनके आगमन पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिले के सभी संबंधी अफसर अलर्ट मोड पर आ गए हैं। आगामी 6 नवंबर को प्रथम और 11 नवंबर को बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का चुनाव होना है। जगह-जगह राजनेताओं की जनसभाएं चल रही हैं।
इसी क्रम में बिहार के बेतिया में आठ नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा प्रस्तावित है। बताया जा रहा है कि वहां के हेलीपैड से हेलिकॉप्टर से कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट आएंगे। वापसी में वह कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का ट्रांजिट विजिट करेंगे। उसके बाद प्लेन से दिल्ली प्रस्थान कर जाएंगे। उनके इस संभावित कार्यक्रम की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी तैयारियां शुरू कर दी हैं। मसलन, उनके ब्लड ग्रुप का ब्लड, एंबुलेंस, कसया और जिला मुख्यालय पर सेफ हाउस, चिकित्सकीय टीमों की मुस्तैदी, फ्लीट के लिए वाहन तथा फ्लीट के साथ चल रहे अफसरों व कर्मचारियों के शुद्ध आहार आदि। इसके अलावा प्रधानमंत्री से मिलने वाले अफसरों, कर्मचारियों एवं अन्य लोगों की आरटीपीसीआर जांच भी होनी है। पीएम के आगमन को लेकर सभी संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है। बताया जा रहा है कि चुस्त सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रमुख सचिव की सभी संबंधित अफसरों के साथ वर्चुअल मीटिंग भी हुई। Rajesh Maurya