दुद्धी सोनभद्र ।आज मंगलवार को कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय, दुद्धी के प्रांगण में दिव्यांग बच्चों की तहसील स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता सम्पन्न हुई। प्रतियोगिता में बच्चों ने जोश और उत्साह के साथ दौड़ तथा विभिन्न क्रीड़ा गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
स्पेशल एजुकेटर संदीप कुमार और प्रवीण कुमार के मार्गदर्शन में प्रतियोगितार्थियों ने कमाल के खेल कौशल का प्रदर्शन किया, जिससे सभी दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी प्रेम शंकर राम ने कहा कि खेलकूद से बच्चों में सामुदायिक भावना और एकजुटता के अलावा आत्मविश्वास भी बढ़ता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे दिव्यांगता को कभी अभिशाप न समझकर अपने बच्चों का हमेशा हौसला बढ़ाएं, ताकि उनमें हीन भावना न पनप सके। उन्होंने दिव्यांग बच्चों के प्रमाण पत्र बनवाने की भी सलाह दी, जिससे भविष्य में उन्हें नौकरी समेत विभिन्न क्षेत्रों में आरक्षण और अन्य लाभ मिल सकें।
वरिष्ठ शिक्षक शैलेश मोहन ने सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि अभिभावकों को बच्चों का उत्साह बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
इस अवसर पर ओमप्रकाश, मनोज जायसवाल, जितेन्द्र चौबे, निरंजन, तत्सत तिवारी, श्रीमती माधुरी पाण्डेय, रेनू कन्नौजिया, अमिता तिवारी, आराधना सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद थे।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन से जुड़े सभी प्रतिभागी और अतिथि बच्चों की खेल प्रतिभा से प्रभावित नजर आए, जिन्होंने पुरस्कार पाकर खुशी जाहिर की।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह