राजेंद्र धाकड़ नर्मदापुरम
नर्मदापुरम।कृष्णा करियर कॉन्वेंट स्कूल रसूलिया में आयोजित वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण समापन समारोह सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जितेंद्र पाठक (एसडीओपी, नर्मदापुरम) एवं डॉ. मयंक तोमर (एजुकेशनिस्ट) उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्य अतिथि जितेंद्र पाठक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल और पढ़ाई में संतुलन एवं समय प्रबंधन सफलता की कुंजी है। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाते हैं, बल्कि उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रतियोगिता का शुभारंभ बख्तावर मैडम द्वारा किया गया था। समापन अवसर पर स्कूल की प्राचार्या श्रीमती कल्पना कुशवाह मैडम ने आभार व्यक्त करते हुए समस्त स्टाफ की सराहना की तथा विद्यार्थियों को खेलों के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने सभी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बधाई दी।
स्कूल के खेल शिक्षक रामजीवन बकोरिया ने बताया कि वार्षिक खेल महोत्सव के अंतर्गत वॉलीबॉल, थ्रो बॉल, डोजबॉल, 400 मीटर रेस, खो-खो, हाई जंप, रिले रेस एवं शॉट पुट जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया।
समापन समारोह में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों की उपस्थिति से वातावरण उत्साह और ऊर्जा से भर गया।