रिपोर्ट :ज़ाकिर ज़ंकार : आहवा
डांग जिले के आहवा में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डांग जिले की विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में गुजरात राज्य योग बोर्ड के कार्यों की भी सराहना की गई। डांग जिले के लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, प्राकृतिक आहार को बढ़ावा देने, नशामुक्त बनने और रोजगार प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इसके अंतर्गत सितंबर 2024 से अब तक पूरे डांग जिले के तीनों तालुकाओं में ग्रामीण स्तर पर, सार्वजनिक स्थानों पर तथा स्कूल और कॉलेजों में 100 से अधिक योग शिविर आयोजित किए गए हैं। इसके अलावा लगभग 500 योग संवाद कार्यक्रम, योग प्रतियोगिताएं, स्कूलों में योग पाठ्यक्रम, योग कोच और योग ट्रेनरों के लिए रिफ्रेशर ट्रेनिंग कार्यक्रम भी आयोजित किए गए हैं।
साथ ही जिला प्रशासन के साथ मिलकर योग के प्रसार के लिए कई छोटे-बड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों और स्कूलों में 30 से अधिक योग कक्षाएं नियमित रूप से संचालित हो रही हैं। इसके अतिरिक्त डायबिटीज मुक्त गुजरात अभियान, मोटापा मुक्त गुजरात अभियान और समर कैंप जैसे सफल कार्यक्रम भी आयोजित किए गए हैं।
इन प्रयासों के माध्यम से जिले में 50 से अधिक योग शिक्षकों को भी प्रशिक्षित किया गया है। इस उत्कृष्ट कार्य के लिए डांग जिले की योग कोऑर्डिनेटर प्रियंकाबेन भोये को सम्मानित किया गया।
इसके अलावा आहवा सब जेल में बंदी भाइयों और बहनों के लिए योग कक्षाएं संचालित करने वाली श्रीमती सरिताबेन भोये को भी इस अवसर पर सम्मानित किया गया।