बरेली। फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के गांव धंतिया में रविवार देर रात पुराने जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें एक महिला समेत कई लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए भेजते हुए दोनों पक्षों की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी असद खां और शकूर खां के बीच आवासीय जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार देर रात एक पक्ष द्वारा जमीन पर निर्माण कार्य शुरू किया गया, जिसका दूसरे पक्ष ने विरोध कर दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
इस झड़प में असद खां और बरिसा समेत कई लोग घायल हो गए। एक पक्ष की ओर से बरिसा ने हैदर, सोहिल और इमरान के खिलाफ तहरीर दी है, जबकि दूसरे पक्ष के असद खां ने शकूर, जुबैद और जहूर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस ने सभी घायलों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद सोमवार देर शाम दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना प्रभारी प्रयाग राज सिंह ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली