दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
स्थानीय भाजपा के पूर्व जिला मंत्री व अधिवक्ता दिलीप कुमार पाण्डेय के घर चोरों ने चोरी कर कीमती सामान उड़ा लिया।जनवरी महीने पुलिस द्वारा एक चोरी गिरोह को पकड़ने के बाद शांत हो चुका मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। इस घटना ने इलाके में दहशत फैला दी है।
पीड़ित ने तहरीर में बताया कि वे 16 अप्रैल 2026 की रात्रि करीब 10:30 बजे पूरे परिवार समेत भतीजी की शादी समारोह में पटना गए थे। घर का ताला बंद कर सिंगरौली-पटना एक्सप्रेस से रवाना हुए।आज बृहस्पतिवार सुबह पटना-सिंगरौली एक्सप्रेस से सुबह करीब 3:30 बजे लौटे तो सभी कमरों के ताले टूटे मिले। चोरों ने बाउंड्री वॉल फांदकर गेट का ताला लोहे की रॉड से तोड़ा और कीमती सामान ले भाग निकले।
घटना की सूचना मिलते ही 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वरिष्ठ एसएसआई संजय सिंह अपनी टीम के साथ जांच में जुटे । थाना प्रभारी को सौंपी प्रार्थना पत्र में पीड़ित ने चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी और सामान बरामदगी की अपील की है।
दुद्धी सहित पूरे क्षेत्र में एक के बाद एक चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। इस महीने महुली के शनिचर बाजार, विंढमगंज और अब दुद्धी में हुई चोरियों ने ग्रामीणों को डर के साये में जीने को मजबूर कर दिया है। चोर रात 1 बजे से भोर 4 बजे तक सक्रिय रहते हैं, जब लोग गहरी नींद में होते हैं। दुद्धी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण पांडे ने बताया कि उनके बड़े भाई के रेलवे स्टेशन रोड स्थित मकान में भी चोरी हुई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से शीघ्र खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार करने की मांग की है।