राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। — बढ़ती गर्मी और आगजनी की आशंकाओं के बीच नगर पालिक निगम ने शहर में सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में मिशन चौक स्थित मजार गली क्षेत्र में निगम के अतिक्रमण अमले ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कबाड़ व्यवसायी के यहां से भारी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री जब्त की।
अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह के अनुसार निरीक्षण के दौरान पाया गया कि प्लास्टिक, कागज, रबर सहित अन्य अपशिष्ट सामग्री का अव्यवस्थित ढंग से भंडारण किया गया था। संकरी गली और घनी आबादी वाले इस इलाके में यह स्थिति किसी भी वक्त बड़ी आग दुर्घटना का कारण बन सकती थी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निगम टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके से कबाड़ जब्त कर उसे एमएसडब्ल्यू प्लांट भेज दिया। साथ ही संबंधित व्यवसायी को कड़ी चेतावनी दी गई कि भविष्य में आबादी से दूर ही कबाड़ का भंडारण करें और अग्नि सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करें।
निगम प्रशासन ने दो टूक कहा है कि जनसुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोबारा लापरवाही मिलने पर जुर्माना और कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
निगम ने शहर के व्यापारियों और नागरिकों से अपील की है कि वे अपने प्रतिष्ठानों में ज्वलनशील सामग्री का सुरक्षित और व्यवस्थित भंडारण करें, अग्निशमन उपकरण रखें और सतर्कता बरतें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।