राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी — जनगणना 2027 को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। नगर पालिक निगम के मेयर इन काउंसिल सभागार में आयोजित प्रशिक्षण के अंतिम दिन निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने प्रगणकों को सक्रिय सहभागिता, निष्पक्षता और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
निगमायुक्त परिहार ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्रगणक अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ करें। उन्होंने कहा कि हर नागरिक को स्व-गणना के लिए प्रेरित करना भी प्रगणकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, ताकि जनगणना का कार्य अधिक सटीक और प्रभावी बन सके।
शपथ के दौरान प्रगणकों ने संकल्प लिया कि वे घर-घर जाकर विनम्रता, शिष्टाचार और धैर्य के साथ प्रत्येक व्यक्ति से जानकारी एकत्र करेंगे। किसी भी प्रकार के पूर्वाग्रह के बिना सही तथ्यों को दर्ज करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी परिवार गणना से वंचित न रह जाए। साथ ही, जिन घरों में पहली बार संपर्क नहीं हो पाएगा, वहां दोबारा जाकर जानकारी एकत्र की जाएगी।
प्रगणकों ने यह भी वचन दिया कि वे एकत्रित सभी सूचनाओं की पूर्ण गोपनीयता बनाए रखेंगे और उनका उपयोग केवल जनगणना कार्य के लिए ही करेंगे।
निगमायुक्त परिहार ने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश की नीतियों और योजनाओं की दिशा तय करते हैं, इसलिए यह कार्य अत्यंत जिम्मेदारी और सेवा भाव के साथ किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम में नगर जनगणना अधिकारी जागेश्वर पाठक सहित वार्ड प्रगणक और सुपरवाइजर उपस्थित रहे।