फतेहगंज पश्चिमी (संवाददाता)। कस्बे में एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसका पति सूरज, सास आशा देवी और ससुर रविकुमार मिलकर उसे आए दिन प्रताड़ित करते हैं। आरोप है कि तीनों मिलकर उसके साथ मारपीट करते हैं, अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं और उसे घर से निकालने की धमकी देते रहते हैं। पीड़िता का यह भी कहना है कि कई बार उसे घर में बंद कर मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया गया।
उत्पीड़न से त्रस्त होकर पीड़िता थाने पहुंची और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
फतेहगंज पश्चिमी थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने कहा कि पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली