फतेहगंज पश्चिमी (संवाददाता, बरेली)। क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पुलिस विभाग ने बड़ा कदम उठाते हुए चौकी की कमान उपनिरीक्षक आदेश कुमार को सौंप दी है। कार्यभार संभालते ही नए चौकी प्रभारी ने अपने तेवर साफ कर दिए हैं, जिससे अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
नव नियुक्त चौकी प्रभारी आदेश कुमार ने पदभार ग्रहण करते ही स्पष्ट कर दिया कि क्षेत्र में अपराध और अवैध गतिविधियों के लिए कोई जगह नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
अपने पूर्व कार्यकाल में भी तेजतर्रार और सक्रिय छवि के लिए पहचाने जाने वाले आदेश कुमार ने क्षेत्र में बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखने का भरोसा दिलाया है। उन्होंने विशेष रूप से स्मैक तस्करी और अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने की बात कही, जिससे साफ है कि आने वाले दिनों में पुलिस का एक्शन और तेज होने वाला है।
चौकी प्रभारी ने यह भी कहा कि कस्बे के लोगों को जाम और अव्यवस्थाओं से राहत दिलाना उनकी प्राथमिकता में शामिल है। साथ ही उन्होंने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि पुलिस और जनता के आपसी तालमेल से ही क्षेत्र में शांति और सुरक्षा कायम रखी जा सकती है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि नए चौकी प्रभारी के आने से क्षेत्र में कानून का राज और मजबूत होगा। पुलिस की सख्ती और सक्रियता से जहां अपराधियों में डर का माहौल बनेगा, वहीं आम जनता को राहत और सुरक्षा का अहसास होगा।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली