कटनी। शहर की अनाधिकृत कॉलोनियों के नियमितीकरण की प्रक्रिया को तेज करने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कटनी द्वारा विशेष पहल की गई है। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड क्रमांक 17 में 6 मई से 8 मई 2026 तक तीन दिवसीय विशेष विकास शुल्क शिविर का आयोजन किया जाएगा।
यह शिविर प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें नागरिकों को विकास शुल्क जमा करने और दस्तावेज सत्यापन की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी।
कॉलोनी सेल अधिकारी एवं कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह के अनुसार, मध्य प्रदेश नगर पालिका (कॉलोनी विकास) नियम 2021 के तहत चिन्हित अनाधिकृत कॉलोनियों के नियमितीकरण के लिए यह शिविर महत्वपूर्ण कदम है। इसके तहत संबंधित नागरिकों को पूर्व में सूचना जारी की जा चुकी है, ताकि वे शिविर में उपस्थित होकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सकें।
शिविर के सुचारू संचालन के लिए एक विशेष दल का गठन किया गया है, जिसमें प्रभारी के रूप में जायेन्द्र प्रताप सिंह बघेल को नियुक्त किया गया है। दल में समयपाल, सहायक कर्मचारी, कंप्यूटर ऑपरेटर सहित अन्य कर्मचारियों को शामिल किया गया है, जो क्षेत्रीय पार्षद के साथ समन्वय कर शिविर के प्रचार-प्रसार और व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करेंगे।
शिविर में प्राप्त आवेदनों और दस्तावेजों की जांच के बाद विकास शुल्क की मांग (डिमांड) जारी की जाएगी, जिसे नगर निगम के निर्धारित खाते में जमा कराया जाएगा।
नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे शिविर में आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर विकास शुल्क जमा करें और अपनी कॉलोनियों के नियमितीकरण में सहयोग प्रदान करें, जिससे क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार सुनिश्चित किया जा सके।