राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। शहर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र गोल बाजार में आज नगर निगम प्रशासन का सख्त रुख देखने को मिला। नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने देर शाम औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अतिक्रमण के खिलाफ मोर्चा संभाल लिया।
पैदल भ्रमण के दौरान आयुक्त ने साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सार्वजनिक सड़कों और मार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को कड़ी हिदायत देते हुए आयुक्त ने कहा कि हर दुकान पर डस्टबिन रखना अनिवार्य है। गंदगी मिलने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए उन्होंने “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाने की बात कही।
साड़ी गली और सुभाष चौक क्षेत्र में सड़क पर फैले सामान को तत्काल हटवाया गया। वहीं, कई स्थानों पर मार्ग बाधित करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सामग्री जब्ती और जुर्माने की कार्रवाई भी की गई।
नालियों की अव्यवस्था को देखते हुए आयुक्त ने नालियों के ऊपर रखी पट्टियों को हटाकर उन्हें गहरा और व्यवस्थित तरीके से ढंकने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि जलभराव की समस्या से निजात मिल सके।
व्यापारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अब गोल बाजार क्षेत्र में प्रतिदिन शाम को विशेष कचरा संग्रहण वाहन भेजा जाएगा, जो दुकानों से कचरा एकत्रित करेगा।
इस दौरान आयुक्त ने व्यापारियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और उन्हें निर्धारित सीमा के भीतर ही व्यवसाय करने की समझाइश दी, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान निगम के अधिकारी और स्वच्छता अमला भी मौजूद रहा। आयुक्त की इस सख्ती से अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप की स्थिति देखी गई है।